HNN/ बिलासपुर
आबकारी विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने शराब माफियाओं पर एक बार फिर से बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान विभाग की टीम ने बंद दुकान में दबिश दी तो यहां से शराब का जखीरा बरामद हुआ। फिलहाल विभाग की टीम द्वारा इस मामले को आगामी कार्यवाही के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभाग को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि जिला बिलासपुर में एक दुकान में भारी मात्रा में शराब रखी हुई है। लिहाजा सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी तो पाया कि दुकान पर ताला लगा हुआ था।
जिसके बाद टीम ने ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि दुकान में अलग-अलग ब्रांड्स की 125 पेटी शराब की रखी हुई थी। टीम प्रभारी सहायक आयुक्त वीरेंद्र शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि दुकान से शराब की 1500 बोतलें बरामद हुई है।

