बंद हुई हिमाचल की पहली फूल मंडी, शुरू होगा सेब का कारोबार
HNN/ सोलन
बद्दी के परवाणू क्षेत्र में स्थापित प्रदेश की पहली फूल मंडी अब बंद कर दी गई है। बता दें की आढ़तियों की ओर से कारोबार के लिए मना करने पर फूल मंडी को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसका मुख्य कारण काम की कमी बताया जा रहा है। आढ़तियों का कहना है कि यहां इस साल अभी तक कोई भी फूल नहीं बिका है जिससे उन्हें भारी नुक्सान का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने रोष जताते हुए दुकानों की चाबियां भी मंडी समिति को सौंप दी है। उन्होंने बताया की मंडी से अभी तक न तो फूल उत्पादकों को कोई लाभ मिला है, न कारोबारी और आढ़ती कुछ कमाई कर पाए हैं। वहीं मंडी में भी फूल को स्टोर करने की कोई व्यवस्था नहीं है।
इस कारण खरीदा गया फूल भी खराब हो जाता है। वहीं दूसरी ओर कृषि मंत्री चंद्र कुमार के निर्देशों पर फूल मंडी को साथ लगती सेब मंडी के साथ जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मंडी समिति ने 10 दुकानों की नीलामी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
मंडी समिति सोलन के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि फूल मंडी की दस दुकानों को सेब मंडी परवाणू के साथ जोड़ा जा रहा है। जिसके आदेश कृषि मंत्री ने भी दे दिए हैं। अब दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही दुकानों का आवंटन कर यहां पर इस सीजन से सेब कारोबार भी शुरू हो जाएगा।