Loading...

बकाया राशि न चुकाने पर विभाग ने अपने अधीन लिए चार टोल बैरियर

PRIYANKA THAKUR • 22 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / बिलासपुर

ठेकेदार द्वारा बकाया राशि न चुकाने पर आबकारी एवं कराधान विभाग ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। विभाग ने जिला बिलासपुर के तहत आने वाले चार टोल बैरियर गरामोड़ा, सेलाघोड़ा, कोलांवाला टोबा व ग्वालथाई स्थित टोल बैरियर को अपने अधीन कर लिया है। दरअसल, हिमाचल में प्रवेश करने वाले बाहरी राज्यों के वाहनों को पर्ची कटवानी पड़ती है। इससे होने वाली आय सरकार के खजाने में जमा होती है।

इसके लिए ठेकेदार को यह कार्य दिया जाता है। बिलासपुर जिले के तहत चार बैरियर हैं, जिन्हें ठेके पर दिया गया था। हर माह करीब 1.17 करोड़ रुपये ठेकेदार को जमा करवाने होते थे। लेकिन उक्त ठेकेदार ने जुलाई के बाद से यह पैसा जमा नहीं करवाया था। विभाग ने कई बार ठेकेदार को बकाया चुकता करने के लिए नोटिस दिए लेकिन कोई भी जवाब नहीं दिया गया।

आबकारी एवं कराधान विभाग के डिप्टी कमिश्नर शिल्पा कपिल ने पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने चारों बैरियरों को अपने अधीन कर लिया है। विभाग के कर्मचारी ही बैरियरों का काम देख रहे हैं।