हिमाचल के 11 सरकारी स्कूलों के लिए सीबीएसई संबद्धता की राह खुली, तीन जिलों में एनओसी जारी
हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला और किन्नौर जिलों के 11 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्धता की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। इनमें चंबा के छह, शिमला के चार और किन्नौर का एक स्कूल शामिल है। संबंधित स्कूलों को अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की संबद्धता के लिए निर्धारित औपचारिकताएं और शर्तें पूरी करनी होंगी। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
हिमाचल प्रदेश
सरकार की मंजूरी के बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत चयनित स्कूल सीबीएसई दिल्ली से संबद्धता प्राप्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे। शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि एनओसी प्राप्त करने वाले सभी स्कूलों को 31 मार्च, 2027 तक निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी। तय समय तक आवश्यक शर्तें और औपचारिकताएं पूरी नहीं करने वाले स्कूलों की एनओसी स्वतः वापस हो जाएगी।
चंबा जिले के छह स्कूल शामिल
चंबा जिले में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल होली, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल थल्ली, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बैरागढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल झज्जाकोटि, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हिमगिरि और राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मेहला को एनओसी जारी की गई है। अब इन सभी स्कूलों को सीबीएसई संबद्धता के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेज और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
शिमला के चार और किन्नौर का एक स्कूल
शिमला जिले के राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जांगला, राजकीय गोल्डन जुबली वरिष्ठ माध्यमिक उत्कृष्टता स्कूल चिड़गांव, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धमवाड़ी और पीएम श्री राजमाता शांति देवी मेमोरियल मॉडल जमा दो स्कूल तकलेच को भी एनओसी मिली है। किन्नौर जिले से राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कल्पा को इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है। इन स्कूलों की संबद्धता निर्धारित शर्तें समय पर पूरी करने के बाद ही आगे बढ़ेगी।