प्रदेश से बाहर सरकारी वाहन ले जाने से पहले अनुमति अनिवार्य, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
Employee / जल शक्ति विभाग के अधिकारी अब सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना सरकारी वाहन लेकर हिमाचल प्रदेश से बाहर नहीं जा सकेंगे। दूसरे राज्यों में सरकारी बैठकों या अन्य विभागीय कार्यों के लिए वाहन ले जाने से पहले मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश
विभाग के ध्यान में आया था कि कुछ अधिकारी पूर्व अनुमति लिए बिना सरकारी वाहनों से प्रदेश से बाहर आयोजित बैठकों में शामिल होने जा रहे हैं। इस पर जल शक्ति विभाग के प्रधान सचिव ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सर्कुलर जारी किया है। ये निर्देश विभाग के ईएनसी प्रोजेक्ट, मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, अधिशाषी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और अन्य संबंधित अधिकारियों को जारी किए गए हैं।
अन्य सरकारी दौरों पर भी लागू होगा नियम
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल बैठकों में शामिल होने तक सीमित नहीं रहेगी। प्रदेश से बाहर किसी अन्य सरकारी कार्य के लिए किए जाने वाले दौरे पर भी पूर्व अनुमति का नियम लागू होगा। सरकारी वाहनों का इस्तेमाल सरकार द्वारा निर्धारित नियमों और समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार ही करना होगा। बिना मंजूरी बाहरी राज्य का सरकारी दौरा करने या वाहन इस्तेमाल करने पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।