विकसित भारत 2047 में MSME की अहम भूमिका, नई सीमाओं से बढ़ेंगे विस्तार के अवसर: राज्यपाल
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि संशोधित निवेश और कारोबार सीमाओं से उद्योगों के विस्तार, नए निवेश, रोजगार सृजन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अवसर बढ़े हैं। वह सिरमौर जिले के काला अम्ब में लघु उद्योग भारती की स्थानीय इकाई के समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान एक एम्बुलेंस जनसेवा के लिए समर्पित की गई।

सिरमौर
राज्यपाल ने कहा कि देश में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत MSME इकाइयां 32 करोड़ से अधिक लोगों के लिए रोजगार सृजन में योगदान दे रही हैं। ये इकाइयां देश के सकल घरेलू उत्पाद, विनिर्माण और निर्यात में भी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि छोटे उद्यमियों को संस्थागत वित्त उपलब्ध कराने, तकनीकी प्रगति को प्रोत्साहित करने और कारोबार को आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई पहल की हैं।
संशोधित वर्गीकरण से उद्योगों को विस्तार का अवसर
राज्यपाल ने बताया कि एक अप्रैल 2025 से प्रभावी संशोधित MSME वर्गीकरण के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की निवेश सीमा क्रमशः 2.5 करोड़, 25 करोड़ और 125 करोड़ रुपये की गई है। इसी प्रकार इन श्रेणियों के लिए कारोबार की सीमा क्रमशः 10 करोड़, 100 करोड़ और 500 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। उनके अनुसार इस बदलाव से कारोबार विस्तार, नए निवेश, रोजगार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए अधिक अवसर उपलब्ध हुए हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और ऋण गारंटी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे उद्यमियों के लिए वित्त तक पहुंच आसान बनाने, स्वरोजगार बढ़ाने और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया गया है। इन पहलों का उद्देश्य वित्तीय सहायता देने के साथ ऐसा मजबूत तंत्र विकसित करना भी है, जिसमें उद्यमी नवाचार कर सकें, आधुनिक तकनीक अपनाएं, अपने कारोबार का विस्तार करें और नए बाजारों तक पहुंच बनाएं।

औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक दायित्व पर जोर
काला अम्ब के औद्योगिक योगदान की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ऐसे औद्योगिक समूह निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजित करने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने उद्योगों से आर्थिक प्रगति के साथ सामाजिक दायित्व और मानवीय सेवा को भी प्राथमिकता देने का आह्वान किया। एम्बुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित करने की पहल को उन्होंने औद्योगिक समुदाय की संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।
समारोह में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए और काला अम्ब क्षेत्र के पंचायत प्रधानों को सम्मानित किया। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल ने राज्यपाल का स्वागत कर प्रदेश में स्थापित इकाइयों की जानकारी दी। सदस्य अखिल माहेश्वरी ने संगठन की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से अवगत कराया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं।