बजोली-होली हाइड्रो प्रोजेक्ट बना ग्रामीणों के लिए परेशानी, गांव के वजूद पर भी संकट
HNN / चंबा
जनजातीय क्षेत्र भरमौर के होली क्षेत्र में बनकर तैयार हुई बजोली-होली हाइड्रो प्रोजेक्ट की टनल लीकेज का मामला अब फिर सुर्खियों में आ गया है। झड़ौता गांव के ठीक 100 मीटर नीचे अन्य जगह पर टनल से पानी का रिसाव आरंभ हो गया है। जिसके चलते ग्रामीण खौफ में है और गांव के वजूद पर भी संकट खड़ा हो गया है।
लिहाजा, रिसाव से सहमे ग्रामीण मंगलवार को तहसीलदार होली के दरबार में पहुंचे, जहां पर पंचायत के उपप्रधान लेखराज की अगुवाई में ग्रामीणों ने तहसीलदार होली को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्यवाही करने की मांग की है। वहीं, तहसीलदार होली राकेश कुमार का कहना है कि टनल से झड़ौता गांव के नीचे रिसाव होने और जमीन में दरारें आने की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम ने मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है।
टीम की ओर से रिपोर्ट सौंपी जानी है। जिसके मिलते ही आगामी कार्यवाही हेतु उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा।