Loading...

School Closed / शिमला में स्कूल-कॉलेज बंद करने का फर्जी आदेश वायरल, प्रशासन ने किया आगाह

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 49 Mins Ago • 1 Min Read

School Closed / शिमला जिला प्रशासन के नाम से स्कूल-कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। प्रशासन ने इस पत्र को फर्जी और भ्रामक बताते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों और संस्थानों से इस पर भरोसा नहीं करने तथा किसी भी सूचना की आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करने की अपील की है।

शिमला

वायरल पत्र में शिमला जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के साथ स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कोचिंग सेंटर और नर्सिंग संस्थानों को बंद रखने का उल्लेख किया गया है। पत्र पर जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शिमला के नाम और हस्ताक्षर का भी इस्तेमाल किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित इस पत्र को आधिकारिक आदेश न माना जाए।

आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करने की सलाह

प्रशासन के अनुसार शिक्षण संस्थानों में अवकाश या उन्हें बंद रखने से संबंधित कोई भी आदेश केवल जिला प्रशासन अथवा संबंधित विभाग के अधिकृत माध्यमों से जारी किया जाता है। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को सलाह दी गई है कि वे किसी वायरल संदेश या पत्र के आधार पर निर्णय न लें। ऐसी किसी भी सूचना की पुष्टि संबंधित विभाग या जिला प्रशासन के आधिकारिक माध्यम से की जाए और फर्जी पत्र को आगे साझा न किया जाए।