Loading...

Accident / चंबा बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हुई, टांडा में घायल महिला ने तोड़ा दम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 51 Mins Ago • 1 Min Read

Accident / चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बैरागढ़-चंबा मार्ग पर हुए बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। रविवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल धर्मो देवी ने दम तोड़ दिया। हादसे में अन्य घायल यात्रियों का उपचार चंबा मेडिकल कॉलेज में जारी है।

चंबा

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान धर्मो देवी पत्नी जस्सा, निवासी गांव घुलेई के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वहां उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी हुई थी और रविवार को उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

मृतकों का आंकड़ा आठ पहुंचा

नायब तहसीलदार ने टांडा मेडिकल कॉलेज से मिली महिला की मौत की सूचना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या आठ हो गई है। इससे पहले शनिवार को हुए इस हादसे में सात यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 11 अन्य घायल हुए थे।

निजी बस पलटकर नीचे की सड़क पर गिरी थी

चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार को एक निजी बस बैरागढ़-चंबा मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटते हुए नीचे की सड़क पर जा गिरी थी। हादसे में कई यात्री घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया था, जिनमें धर्मो देवी को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।