मनरेगा में गड़बड़ी: कांगड़ा की रड़ा पंचायत के पूर्व प्रधान और 2 सचिवों पर 61,310 रुपए की रिकवरी के आदेश
कांगड़ा जिले के विकास खंड सुलह स्थित भेडू महादेव क्षेत्र की रड़ा पंचायत में मनरेगा कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि के कथित दुरुपयोग के मामले में लोकपाल ने तत्कालीन पंचायत प्रधान और दो पंचायत सचिवों पर कुल 61,310 रुपए की रिकवरी के आदेश जारी किए हैं। विभागीय जांच में मनरेगा कार्यों से जुड़े दस्तावेजों और तकनीकी सहायक की गणना में अंतर सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। दोनों पंचायत सचिवों के खिलाफ कार्रवाई को उनकी सर्विस बुक में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कांगड़ा
रड़ा पंचायत निवासी करम चंद और हिमाल चंद ने पंचायत में मनरेगा कार्यों में कथित गड़बड़ी और सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर 10 और 16 जनवरी 2026 को मनरेगा लोकपाल के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच विकास खंड अधिकारी सुलह को सौंपी गई। जांच में तत्कालीन पंचायत प्रधान लेखराज, तत्कालीन पंचायत सचिव मिशना देवी और पंचायत सचिव प्रवीण कुमार को संबंधित कार्यों में सरकारी धन के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार पाया गया। तकनीकी सहायक की गणना और पंचायत की ओर से विकास खंड कार्यालय में जमा करवाए गए दस्तावेजों में भी अंतर मिला।
लोकपाल ने 23 जुलाई को तत्कालीन पंचायत सचिव मिशना देवी पर 30,655 रुपए, पूर्व पंचायत प्रधान लेखराज पर 30,665 रुपए और पूर्व पंचायत सचिव प्रवीण कुमार पर 10 रुपए की रिकवरी के आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार कुल 61,310 रुपए की रिकवरी की जानी है। दोनों पंचायत सचिवों के खिलाफ हुई कार्रवाई को उनकी सर्विस बुक में दर्ज करने के साथ भविष्य में ऐसी अनियमितता नहीं दोहराने की चेतावनी दी गई है। भेडू महादेव के एसवीपीओ सतीश कुमार और पंचायत निरीक्षक संजीव सूद ने लोकपाल की ओर से जारी रिकवरी आदेशों की पुष्टि की है।