HNN / बद्दी
बद्दी में हुई हत्या मामले में आरोपी ने पुलिस रिमांड के दौरान बड़ा खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने दोस्त राजेंद्र की हत्या मोबाइल ना देने पर की थी। जिसके चलते उसने गुस्से में आकर उसके सिर पर ईंट मार दी और कमरे में ही दफना दिया। हालांकि आरोपी को कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, जहां अभी आरोपी से और कड़ी पूछताछ की जाएगी, जिसमें अभी कई खुलासे हो सकते हैं।
दरअसल, यूपी के गांव गोटिया निवासी राजेंद्र बद्दी के बिलांवाली में अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता था। 6 नवंबर की शाम को राजेंद्र ने अपने साथ में काम करने वाले यूपी के नईम अंसारी, बिरेन और विश्वकर्मा के साथ हरिपुर संडोली में शराब पी। बिरेन और विश्वकर्मा शराब पीने के बाद अपने कमरे में चले गए, लेकिन राजेंद्र को नशा अधिक होने पर वह नईम के कमरे में चला गया।
इसके बाद नईम ने जब राजेंद्र से उसका मोबाइल मांगा तो उसने इंकार कर दिया। बार-बार मांगने के बाद भी जब राजेंद्र ने उसे फ़ोन नही दिया तो नईम ने उसके सिर पर ईंट से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने करंडी से गड्ढा खोदकर उसे वहां पर दफना दिया।
उधर, डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि आरोपी को अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। आईजीएमसी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

