Loading...

बड़ी बहन ने करवाया छोटी बहन का अपहरण, मामला दर्ज

PARUL • 5 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/चंबा

जिला चंबा में उपमंडल चुराह के तहत एक गांव में बड़ी बहन द्वारा अपनी ही छोटी बहन का अपहरण कराए जाने का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के छह वर्ष बाद वह दो बच्चों को छोड़कर कांगड़ा चली गई और पति से तलाक ले लिया।

जिसके बाद कांगड़ा से घर लौट आई और एक माह तक रही। उसने बताया कि 28 सितंबर, 2023 को वह छोटी बहन को बस में बैठाने का बहाना बनाकर चंबा ले गई। जब भाई ने चंबा जाकर छोटी बहन की तलाश की तो उसका कोई सुराग नहीं लगा।

जिसके बाद उसके बड़ी बहन को फोन कर छोटी बहन के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह उसके साथ नहीं है और टाल-मटोल करने लगी। जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।