Loading...

बर्फबारी के चलते बंद हुए बूढ़ी नागिन माता मंदिर के कपाट, अब पांच माह बाद ही खुलेंगे

SAPNA THAKUR • 17 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ कुल्लू

जिला में स्थित बूढ़ी नागिन माता मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए हैं। अब श्रद्धालु कपाट खुलने के बाद ही माता के दर्शन कर पाएंगे। बता दें, बीते दिनों हुई बर्फबारी और लगातार गिरते तापमान के चलते मंदिर के कपाट 5 माह के लिए बंद किए गए हैं। ताजा बर्फबारी के बाद मंदिर के कपाट बैसाख संक्रांति तक के लिए बंद है।

यानी अब माता के कपाट 15 अप्रैल को खुलेंगे। ऐसे में अब श्रद्धालुओं को बूढ़ी नागिन माता का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए 5 माह तक इंतजार करना होगा। बता दें, समुद्रतल से करीब 10,500 फीट पर सरयोलसर में वास करने वाली नागों की मां माता बूढ़ी नागिन पर घाटी के लोगों की गहरी आस्था है।

रोजाना सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। माता के मंदिर के कपाट सर्दी के दिनों में पांच माह तक बंद रहते हैं। इसके बाद सात महीने तक श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में पूजा पाठ के साथ देसी घी का चढ़ावा चढ़ाया जाता है। श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर माता बूढ़ी नागिन को घी की धार चढ़ाते हैं।