बाइक व ट्रक की जोरदार भिड़ंत, हादसे में मां सहित 6 साल के बेटे की मौत
HNN / ऊना
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जिला ऊना का है, यहां बाइक व ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें मां-बेटे की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान सरवन कौर पत्नी करनैल सिंह और 6 वर्षीय वंशप्रीत पुत्र करनैल सिंह निवासी रायपुर पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार करनैल सिंह अपनी पत्नी व बेटे के साथ बाबा बालक नाथ के दर्शन करने गया हुआ था। यहां जब वह माथा टेक कर वापस घर आ रहे थे तो बंगाल की तरफ से जा रहे ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
करनाल सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस थाना प्रभारी बाबू राम ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।