बारिश से मौसम हुआ सुहाना, लोगों को प्रचंड गर्मी से मिली राहत
HNN/ऊना/ वीरेंद्र बन्याल
चिंतपूर्णी विधानसभा एवं कुटलैहड़ विधानसभा के क्षेत्रों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। जिला वासियों को प्रचंड गर्मी से राहत मिली है। वहीं बारिश के कारण जंगलों की आग भी शांत हो गई है। जंगली जानवर एवं पक्षी जो इस प्रचंड गर्मी में पानी से प्यासे रह रहे थे उन्हें भी इस बारिश से राहत मिली।
इसके अलावा प्राकृतिक जल स्रोत जो गर्मी की वजह से सुख रहे थे उनमें भी पानी निकालने की संभावना जगी है। बुधवार को सुबह मौसम बिल्कुल साफ था और तेज धूप पड़ रही थी। इससे दोपहर के समय लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। शाम 6:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और बारिश शुरू हो गई।
जिला मुख्यालय ऊना समेत लगभग पूरे जिले में बारिश हुई है। लंबे समय के बाद इंद्रदेव मेहरबान हुए हैं। हालांकि यह बारिश उम्मीद से कम हुई है। मौसम के मिजाज को देखते हुए लगता है कि आगामी दिनों में और बारिश होने की संभावना हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार अगले कुछ दिन मौसम खराब रहेगा और तेज बारिश होने के संभावना हैं।