HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के पालमपुर में आने वाली ग्राम पंचायत ननाहर में 38 वर्षीय महिला की बिजली गिरने से मौत हो गई है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय सलोचना देवी निवासी गोंठ ननाहर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलोचना का पति मजदूरी का काम करता है। उसके दो बेटे पढ़ाई कर रहे हैं। बीते कल सलोचना खेत में पशु चराने गई थी। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और अचानक बिजली गिर गई। ऐसे में महिला बिजली की चपेट में आ गई और घायल हो गई।
जिसके बाद सलोचना को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी लोकेंद्र सिंह नेगी ने की है।

