जिला प्रशासन बिलासपुर ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टूरिज्म कैलेंडर 2026 जारी किया। उपायुक्त राहुल कुमार ने इसे जिले की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
बिलासपुर
टूरिज्म कैलेंडर 2026 का औपचारिक विमोचन
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
जिला प्रशासन बिलासपुर ने जिले में पर्यटन को नई दिशा प्रदान करने को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने आज शुक्रवार को बिलासपुर अन्वेल्ड: टूरिज्म कैलेंडर 2026 का औपचारिक विमोचन किया। इस विशेष वार्षिक कैलेंडर में वर्ष 2026 के दौरान जिले में प्रत्येक माह आयोजित होने वाली प्रशासनिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं विकासात्मक गतिविधियों का विस्तृत और व्यवस्थित विवरण प्रस्तुत किया गया है।
पर्यटन और सांस्कृतिक आयोजनों का समग्र संकलन
इस कैलेंडर में बिलासपुर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, पारंपरिक मेलों, त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों को विशेष रूप से समाहित किया गया है। इसके माध्यम से जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक परंपराओं और पर्यटन संभावनाओं को एक समग्र स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे पर्यटकों, शोधकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को वर्ष भर आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी एक ही मंच पर सुलभ रहेगी।
आकर्षक छायाचित्रों से सुसज्जित
जिला प्रशासन ने कैलेंडर को आकर्षक एवं प्रभावशाली बनाने के लिए बिलासपुर के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों के मनमोहक छायाचित्रों को भी स्थान दिया है। प्रशासन ने इस कैलेंडर को केवल एक सूचना दस्तावेज तक सीमित न रखकर, जिले की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ पर्यटन विकास को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम भी बनाया है।
पर्यटन को मिलेगी नई गति
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि इस वार्षिक कैलेंडर के माध्यम से जहां लोगों को जिले में समय-समय पर आयोजित होने वाले मेलों, उत्सवों, त्योहारों आदि की जानकारी सहजता से उपलब्ध रहेगी, वहीं पर्यटन संबंधी जानकारी से पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर में पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होने से न केवल पर्यटन व्यवसाय को नई ऊंचाई मिलेगी, बल्कि जिले की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विविधता इसे पर्यटन की दृष्टि से एक विशिष्ट एवं अत्यंत महत्वपूर्ण जिला बनाती है तथा यह कैलेंडर इन सभी विशेषताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group