Loading...

बिलासपुर से ग्रामीण रूटों पर दौड़ीं 15 इलेक्ट्रिक बसें, हरित परिवहन को मिला नया विस्तार

Shailesh Saini • 6 Aug 2026 • 1 Min Read

5 बसें बिलासपुर डिपो और 10 घुमारवीं उप-डिपो को मिलीं, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने दिखाई हरी झंडी

हिमाचल नाऊ न्यूज बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने गुरुवार को बिलासपुर बस स्टैंड से 15 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 5 बसें बिलासपुर डिपो तथा 10 बसें घुमारवीं उप-डिपो के माध्यम से विभिन्न ग्रामीण रूटों पर संचालित की जाएंगी।

इस अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पहली बार हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में 300 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं।

उन्होंने अधिकारियों को बिलासपुर-बंदला रूट पर भी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि भविष्य इलेक्ट्रिक और ग्रीन हाइड्रोजन आधारित परिवहन का है। प्रदेश सरकार चरणबद्ध तरीके से डीजल बसों के स्थान पर इलेक्ट्रिक बसों को शामिल कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने बताया कि राजीव गांधी स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को इलेक्ट्रिक टैक्सी और बस खरीदने पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। वहीं, ग्रीन कॉरिडोर में चार्जिंग स्टेशनों का विस्तार भी किया जा रहा है, ताकि दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्बाध इलेक्ट्रिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

Related Topics: