Loading...

बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा : आयुष्मान कार्ड से 5 लाख तक मुफ्त इलाज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 30 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान कार्ड , पांच लाख तक का मुफ्त इलाज संभव – डॉ. अजय पाठक

जिला सिरमौर में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। इस योजना के अंतर्गत लाभार्थी पंजीकृत अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवा सकेंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर, डॉ. अजय पाठक ने बताया कि आयुष्मान कार्ड का पंजीकरण लाभार्थी स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से कर सकते हैं। इसके लिए Ayushman App या www-beneficiary.nha.gov.in वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है। इस वेबसाइट पर कार्ड बनाने से संबंधित वीडियो भी उपलब्ध है।

डॉ. पाठक ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लाभार्थी के पास वैध आधार कार्ड होना चाहिए, जिसमें उनकी आयु 70 साल से अधिक हो। साथ ही आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक होना अनिवार्य है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए किसी भी प्रकार की आय सीमा लागू नहीं है। हालांकि, लाभार्थी को यह घोषणा देनी होगी कि वह किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना जैसे CGHS, ECHS, CAPF, या राज्य/केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित किसी अन्य कैशलेस योजना का लाभार्थी नहीं है। यदि है, तो इसका विवरण देना होगा।

डॉ. अजय पाठक ने जिला के सभी 70 साल से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लें ताकि जरूरत के समय किसी समस्या का सामना न करना पड़े। अधिक जानकारी के लिए जिला समन्वयक रमन शर्मा से मोबाइल नंबर 9459001304 पर संपर्क किया जा सकता है।