बैंक प्रबंधन ने एफडी-शेयर के नाम पर 10 लोगों से ठगे 11.55 लाख रुपए, मामला दर्ज
HNN/ ऊना
जिला ऊना शहर में एक निजी बैंक के प्रबंधन द्वारा 10 लोगों से एफडी-शेयर के नाम पर लाखों रूपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपी की पहचान प्रियंका ठाकुर निवासी चुरड़ी, तहसील बंगाणा जिला ऊना के रूप में हुई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने बैंक की निदेशक के खिलाफ धारा 420 व 406 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मनीश कुमार निवासी गांव व डाकघर भयावीं, तहसील बंगाणा, राजेश कुमार निवासी गांव व डाकघर जोह, तहसील घनारी जिला ऊना, पूनम कुमारी निवासी जाखल सिरमौर, अनिल कुमार, ज्योति वाला, वीना देवी निवासी गांव दियाड़ा, दविन्द्र पाल गांव बरेड़ी डाकघर चुरूडू, तहसील अंब, जिला ऊना, प्रकाश चंद डोगरा निवासी मैहरे, शिवानी निवासी बड़सर जिला हमीरपुर, कमल सिंह निवासी चराड़ा, तहसील बंगाणा, जिला ऊना, नरिंद्र सिंह निवासी गांव व डाकघर भकरेड़ी तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर ने बताया कि चंडीगढ़-धर्मशाला सड़क मार्ग के किनारे मोहल्ला गलुआ में साल 2020 में लॉकडाउन के बाद बैंक खुला।
उन्होंने बताया कि प्रियंका ठाकुर उक्त बैंक की निदेशक थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब 10 लोगों ने बैंक में एफडी और शेयरों के माध्यम से पैसे दिए, लेकिन उनकी एफडी अवधि पूरी होने के बाद उन्हें कोई पैसा बैंक की ओर से नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी एफडी को पूरा हुए एक साल का समय बीत चुका है। उन सभी के कुल 11,55,700 रुपये बैंक की ओर से देय बनते हैं। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।