बैजनाथ में गूंजी दांव-पेंच की धमक, राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव की कुश्ती प्रतियोगिता संपन्न
पुरुष व महिला वर्ग में जूनियर-सिनियर पहलवानों ने दिखाया दम
हिमाचल नाऊ न्यूज
बैजनाथ, 18 फरवरी : राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत बैजनाथ में दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता उत्साह के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की जूनियर और सीनियर श्रेणियों के पहलवानों ने भाग लेकर दमखम का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में उपमंडलाधिकारी बैजनाथ एवं मेला समिति के अध्यक्ष संकल्प गौतम मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता पहलवानों को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और भविष्य में भी खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
महिला वर्ग अंडर-20 के फाइनल मुकाबले में स्निग्धा ने खिताब अपने नाम किया, जबकि गुलराज उपविजेता रहीं। पुरुष वर्ग अंडर-20 में रजत विजेता और दिनेश उपविजेता रहे।
महिला सीनियर वर्ग ‘हिमाचल केसरी’ के फाइनल में नैन्सी विजेता और अनीता उपविजेता रहीं। पुरुष सीनियर वर्ग ‘बैजनाथ केसरी’ का खिताबी मुकाबला सोनू और सचिन के बीच हुआ, जिसमें सोनू ने बाजी मारी।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, पूर्व अनुसूचित जाति सैल के उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जमवाल, तहसीलदार बैजनाथ रमन ठाकुर और नायब तहसीलदार गुरमुख सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।