ब्यास में कपड़े धोने गए दो व्यक्ति डूबे, एनडीआरएफ कर रही तलाश
HNN / हमीरपुर
जिला हमीरपुर के नादौन में रविवार को दो मजदूर ब्यास नदी के डैम में डूब गए। एनडीआरएफ द्वारा दोनों की तलाश की जा रही है, लेकिन दोनों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। मृतकों की शिनाख्त 41 वर्षीय रमेश चंद्र और 43 वर्ष घनश्याम निवासी जिला चंबा के रूप में हुई है।
दरअसल, रमेश और घनश्याम कपड़े धोने के लिए ब्यास से थोड़ा आगे प्रोजेक्ट के चैक डैम के समीप गए हुए थे। कपड़े धोते समय रमेश का पत्थर से पांव फिसला और वह सीधा पानी में जा गिरा। रमेश को पानी में गिरता देख घनश्याम उसे बचाने के लिए जैसे ही आगे बढ़ा उसका भी पांव फिसला और वह भी पानी में जा गिरा।
दोनों का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन पानी ज़्यादा होने के चलते दोनों लहरों के बीच लापता हो गए। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने देर रात तक सर्च अभियान चलाया लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया। ऐसे में आज फिर एनडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया है।