Loading...

ब्रेकिंग न्यूज़ :नाहन जेल के कैदी की मेडिकल कॉलेज में मौत, हत्या मामले में काट रहा था उम्रकैद

Shailesh Saini 20 Mar 2026 Edited 20 Mar 1 min read

कैंसर से पीड़ित कैदी ने अस्पताल पहुंचने के बाद तोड़ा दम

हिमाचल नाऊ न्यूज, नाहन

केंद्रीय कारागार नाहन में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी की शुक्रवार शाम नाहन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मृतक की पहचान हरभजन सिंह पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी पांवटा साहिब के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 13 वर्षों से हत्या के मामले में सजा काट रहा था।

जानकारी के अनुसार कैदी गले के कैंसर से पीड़ित था और उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था। दो-तीन दिन पहले ही उसे उपचार के लिए पीजीआई ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने कीमोथेरेपी की सलाह दी थी।

शुक्रवार को कैदी को दांत निकालने के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जिसके बाद उसे वापस जेल लाया गया। जेल पहुंचने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसके मुंह से खून आने लगा।

जेल प्रशासन ने तुरंत उसे नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और शव को मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित रखा गया है।

जेल अधीक्षक भानु प्रकाश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कैदी गंभीर बीमारी से ग्रस्त था और उसका उपचार चल रहा था। उन्होंने बताया कि परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और आगामी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

Related Topics: