Loading...

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हिमाचल को जगह नहीं, नड्डा के बाद प्रदेश की दावेदारी पर उठे सवाल

Shailesh Saini • 44 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन/ शिमला

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, इस बार भाजपा की राष्ट्रीय टीम में हिमाचल प्रदेश को कोई प्रमुख पद नहीं मिला, जिससे प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राजस्थान से वसुंधरा राजे, उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, आंध्र प्रदेश से राम माधव और डी. पुरंदेश्वरी, ओडिशा से बैजयंत पंडा, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा, गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई डोशी, महाराष्ट्र से भारती प्रवीण पवार, पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य, छत्तीसगढ़ से लता उसेंडी, नागालैंड से एम. चुबा आओ और तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष को पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि महाराष्ट्र के पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देव, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।

खास बात यह है कि हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं और लंबे समय तक पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में प्रदेश की मजबूत मौजूदगी का चेहरा रहे। ऐसे में नई राष्ट्रीय टीम में हिमाचल का प्रतिनिधित्व नहीं होने को लेकर प्रदेश भाजपा के भीतर चर्चा होना स्वाभाविक माना जा रहा है।

नई टीम में अलग-अलग राज्यों को प्रतिनिधित्व देकर संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की गई है। ऐसे में हिमाचल की गैरमौजूदगी को आगामी संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जबकि हिमाचल प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव भी हैं ऐसे में राष्ट्रीय संगठन में जगह न मिलाना कहीं ना कहीं प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।

Related Topics: