भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टेस्ट मैच में 8 विकेट से दी मात
महिला क्रिकेट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मुंबई में खेले गए टेस्ट मैच में 8 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही इतिहास रच दिया है। भारतीय महिला टीम की ऑस्ट्रेलिया पर यह पहली टेस्ट जीत है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 219 रन और दूसरी पारी में 261 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में 406 रन और दूसरी पारी में 2 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत के लिए स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिगेज, रेणुका सिंह और स्नेह राणा ने शानदार प्रदर्शन किया। दरअसल ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 219 रन बनाकर ढेर हो गई थी। दूसरी पारी में टीम 261 रन बनाकर ढेर हो गई। वहीं भारत के लिए पहली पारी में पूजा वस्त्राकर ने 4 विकेट झटके। जबकि स्नेह राणा ने 3 विकेट और दीप्ति शर्मा को 2 विकेट मिले।
वहीं दूसरी पारी में स्नेह ने 4 विकेट झटके। उन्होंने 22 ओवरों में 63 रन दिए। राजेश्वर गायकवाड़ और हरमनप्रीत ने भी दो-दो विकेट लिए। पूजा को एक विकेट मिला। बता दें कि टीम इंडिया ने पहली पारी में ऑल आउट होने तक 406 रन बनाए थे।
तो वहीं दूसरी पारी में मंधाना ने टीम इंडिया के लिए नाबाद 38 रन बनाए। उन्होंने 61 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके लगाए। ऋचा 13 रन बनाकर आउट हो गई थीं। वहीं जेमिमा ने नाबाद 12 रन बनाए। इस तरह भारत ने मुंबई टेस्ट 8 विकेट से जीत लिया।