Loading...

भारतीय महिला टीम ने मलेशिया में रचा इतिहास, थाईलैंड को 3-2 से हराकर जीता गोल्ड मेडल

PARUL • 18 Feb 2024 • 1 Min Read

भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने इतिहास रच दिया है। भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन एशिया टीम चैम्पियनशिप (बीएटीसी) में स्वर्ण पदक जीता है। रविवार (18 फरवरी) को मलेशिया के शाह आलम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 3-2 से हराया। भारतीय महिला टीम ने पहली बार इस टूर्नामेंट को जीता है।

पीवी सिंधु, गायत्री गोपीचंद-ट्रीसा जॉली और अनमोल खरब ने फाइनल मुकाबले के दौरान अपने-अपने मैच जीते। भारत शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन को हराकर ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहा था। फाइनल मैच के दौरान पहला मैच पीवी सिंधु और सुपानिदा केटेथोंग के बीच हुआ। पीवी सिंधु ने सुपानिदा केटेथोंग को 21-12, 21-12 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

फिर गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली ने युगल मुकाबले में जोंगकोलफाम कितिथाराकुल और रावविंडा प्राजोंगजाल को 21-16, 18-21, 21-16 हराकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। हालांकि, अस्मिता चालिहा को बुसानन ओंगबामरुंगफान के हाथों 11-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

फिर दूसरे डबल्स मुकाबले में श्रुति-प्रिया की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा, जिससे स्कोर 2-2 हो गया। इसके बाद 16 साल की अनमोल खरब ने निर्णायक मैच में पोर्नपिचा चोईकीवोंग के खिलाफ 21-14, 21-9 से जीत हासिल करके भारत को चैम्पियन बना दिया।