भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बने मंडी के अजय
HNN/मंडी
मंडी जिला के अजय कुमार भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बने हैं। अजय मंडी जिला के सदर विधानसभा क्षेत्र के कोटली गांव निवासी हैं। फ्लाइंग आफिसर बनने के बाद अजय भारतीय वायुसेना की एडमिनिस्ट्रेशन ब्रांच में सेवाएं देंगे। अजय के दादा भी भारतीय सेना की 10 जम्मू-कश्मीर राइफल रैजीमैंट से बतौर सिपाही सेवानिवृत्त हुए हैं।
बता दें कि अजय कुमार ने वर्ष 2022 में गणतंत्र दिवस परेड दिल्ली में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल व चंडीगढ़ एनसीसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व किया था। अजय ने वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी से बैचलर ऑफ साइंस (फिजिक्स) किया है जबकि 12वीं कक्षा की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली से पूरी की है।
अजय के पिता संजय कुमार बतौर सिपाही (होमगार्ड) अग्निशमन विभाग मंडी में कार्यरत हैं जबकि माता सरिता देवी काेटली के सलेतहर गांव में बतौर आंगनबाड़ी शिक्षिका अपनी सेवाएं दे रही हैं। अजय ने अपने दादा पुरुषोत्तम सिंह, पिता व एसोसिएट एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग आफिसर डाॅ. चमन की यूनिफार्म से प्रभावित होकर वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में एनसीसी एयर विंग को ज्वाइन किया था।
डॉ. चमन ने बताया कि अजय कुमार ने प्रथम प्रयास में ही वायु सेना संयुक्त प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी। भारतीय वायु सेना के सर्विस सिलैक्शन बोर्ड देहरादून में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उसने ऑल इंडिया मैरिट में स्थान प्राप्त किया है।