हिमाचल भाजपा की नई कोर कमेटी घोषित, नड्डा, बिंदल, जयराम और अनुराग.. शामिल
12 दिग्गजों को मिली प्रदेश कोर कमेटी में जगह, श्रीकांत शर्मा और दर्शना सिंह होंगे विशेष आमंत्रित सदस्य
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार प्रदेश भाजपा की नई कोर कमेटी घोषित कर दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। कमेटी में 12 सदस्यों के अलावा दो विशेष आमंत्रित सदस्यों को शामिल किया गया है।
प्रदेश भाजपा की इस महत्वपूर्ण कमेटी में केंद्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश संगठन, लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है।
कोर कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप तथा लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को शामिल किया गया है।
इसके अलावा विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल को भी कोर कमेटी में स्थान दिया गया है।
वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

