Loading...

भारी बारिश का असर: सिरमौर के राजगढ़, पच्छाद और संगड़ाह में 10 जुलाई को शिक्षण संस्थान बंद

Shailesh Saini • 10 Jul 2026 • 1 Min Read

आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट और भूस्खलन के खतरे के बीच प्रशासन का एहतियाती फैसला, विद्यार्थियों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, पेड़ों के गिरने और सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका के बीच जिला सिरमौर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए राजगढ़, पच्छाद और संगड़ाह उपमंडल में 10 जुलाई (शुक्रवार) को शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

राजगढ़ उपमंडल के एसडीएम राज कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत जारी आदेश में सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को 10 जुलाई को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को संस्थानों में उपस्थित रहना होगा।

इसी प्रकार पच्छाद उपमंडल की एसडीएम डॉ. प्रियंका चंद्रा ने भी लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित की है। यहां भी शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

वहीं संगड़ाह उपमंडल में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 10 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट तथा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए एसडीएम ने सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, व्यावसायिक शिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह छूट शिक्षकों और अन्य स्टाफ पर लागू नहीं होगी तथा उन्हें संस्थानों में उपस्थित रहना होगा।प्रशासन ने कहा है कि लगातार वर्षा के कारण ग्रामीण एवं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना हुआ है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को शिक्षण संस्थानों के लिए घर से न भेजें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Related Topics: