भूस्खलन की चपेट में आने से नेपाली मजदूर की मौत, 2 जख्मी
HNN/ चंबा
जिला चंबा के उपमंडल भरमौर के खणी-ग्रीमा मार्ग पर 3 मजदूर भूस्खलन की चपेट में आ गए। हादसे में एक की मौत हो गई है। इसके अलावा 2 जख्मी हुए है। घायलों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
मृतक की पहचान दपिंद्र नेपाल निवासी के रूप में हुई है जोकि लंबे समय से भरमौर में कार्य करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, खणी-ग्रीमा मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। इस दौरान भूस्खलन से क्रेट वाॅल सहित वहां काम कर रहे 3 मजदूर नीचे लुढ़क गए, जिसमें से एक नेपाली मजदूर काफी नीचे धंस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा एक युवक पेड़ की टहनी के सहारे रुककर पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जिसे टांग में चोट आई है, वहीं एक अन्य युवक कुछ दूर नीचे फंस गया। घायलों को भरमौर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज चम्बा रैफर कर दिया गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।