मंडी के कमांद गांव में दो मंजिला मकान जलकर राख, 35 लोग खुले आसमान के नीचे
मंडी के कमांद गांव( द्रंग विधानसभा क्षेत्र ) के गाडनाल गांव में भारी बारिश के बीच भयंकर आग लगने से एक परिवार का दो मंजिला मकान पूरी तरह जल गया। हादसे में लाखों का नुकसान हुआ और 35 लोग बेघर हो गए।
मंडी
आग लगने से घर में रखा सारा सामान और गहने राख में तब्दील
बारिश के बीच अचानक लगी आग, कोई सामान नहीं बचा पाए
ग्राम पंचायत कमांद के गाडनाल गांव में रविवार रात भारी बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। नबरतरू नामक व्यक्ति का 15 कमरों वाला दो मंजिला मकान अचानक आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ भी संभालने का मौका नहीं मिला और पलभर में पूरा घर राख हो गया।

घर में रह रहे थे 35 सदस्य, अब खुले में रहने को मजबूर
इस मकान में नबरतरू के पांच बेटे — महेंद्र सिंह, तापे राम, डोले राम, बीजे राम और भीम देव — अपने परिवारों के साथ रहते थे। हादसे के वक्त नबरतरू अपनी पोती के इलाज के लिए शिमला गए हुए थे। जैसे ही उन्हें हादसे की सूचना मिली, वह तुरंत घर लौटे लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। पूरा परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
गहने, नकदी और जरूरी सामान सब कुछ जलकर हुआ खाक
आग से लाखों रुपये की संपत्ति, गहने, नकदी और रोजमर्रा की जरूरी चीजें भी जल गईं। नबरतरू ने बताया कि अब उनके पास सिर्फ तन पर पहने कपड़े ही बचे हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि इस हादसे ने पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ दिया है।
प्रशासन से मदद की उम्मीद, ग्रामीण दे रहे सहारा
घटना के बाद गांव के लोग पीड़ित परिवार की मदद कर रहे हैं। प्रशासन से राहत और पुनर्वास की मांग की जा रही है। हादसे की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है लेकिन माना जा रहा है कि यह घटना बारिश के दौरान किसी अज्ञात कारण से हुई होगी।