मंडी के छपराहन में तेंदुए का हमला, गौशाला में घुसकर चार मवेशियों को मार डाला
Himachalnow / मंडी
मंडी जिले के छपराहन पंचायत में शनिवार रात तेंदुए के हमले से गांव में दहशत फैल गई है। तेंदुए ने एक गौशाला में घुसकर चार मवेशियों को मार डाला, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और वन विभाग से कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
मंडी/छपराहन
गौशाला में घुसा तेंदुआ, चार मवेशियों को बनाया शिकार
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत छपराहन में शनिवार रात एक तेंदुए ने उत्पात मचाया। तेंदुए ने गांव के निवासी चंद्रमणि की गौशाला में घुसकर दो बछियों और दो भेड़ों को मार डाला। इस हमले से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
छत के रास्ते अंदर पहुंचा शिकारी
पीड़ित चंद्रमणि के अनुसार, वह शनिवार शाम को मवेशियों को चारा डालकर घर लौट आए थे। रविवार सुबह जब परिवार के सदस्य गौशाला पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेंदुआ गौशाला की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुआ और मवेशियों को निशाना बनाया।
लाखों का नुकसान, ग्रामीणों में दहशत
इस हमले में पीड़ित को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। चंद्रमणि ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और कहा कि गांव में बच्चों के स्कूल आने-जाने के रास्ते पर तेंदुए की सक्रियता बेहद चिंता का विषय बन गई है। ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान दिनेश ठाकुर ने घटना पर दुख जताते हुए वन विभाग से तुरंत कार्रवाई करने और क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे पूरे इलाके में भय का वातावरण बन गया है। वन विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।