मंडी : क्षेत्रीय अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञ की अनुपस्थिति से मरीज परेशान
HNN/मंडी
मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञ के अवकाश पर होने से मरीजों को उपचार नहीं मिल रहा है। इसके कारण मरीजों को निजी क्लिनिकों और अस्पतालों में जाकर महंगा उपचार लेना पड़ रहा है। रोजाना नाक, कान और गले के रोगों के मरीज ओपीडी में पहुंचकर दरवाजे पर ताला और दीवार पर लगी चिकित्सक के अवकाश की सूचना देखकर बेरंग घर लौट रहे हैं।
मौसम बदलाव के चलते नाक, गला और कान के मरीजों में बढ़ौतरी हुई है, जिससे अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञ के न होने से मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से उपचार की आस में मरीज सुबह जल्दी अपने घरों से चलकर क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां उन्हें निराशा हाथ लग रही है।
अस्पताल के एमएस डॉ. धर्म सिंह वर्मा ने बताया कि अस्पताल में ईएनटी के एकमात्र विशेषज्ञ 10 दिन के अवकाश पर हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों को सामान्य ओपीडी में ही उपचार दिया जा रहा है। मरीजों को अब निजी अस्पतालों या मेडिकल कॉलेज में जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ भी झेलना पड़ रहा है।