मंडी जिला से टीबी रोग मुक्त हिमाचल प्रदेश अभियान शुरू
स्वास्थ्य निदेशक ने किया शुभारंभ, अभियान के अंतर्गत चिन्हित श्रेणियों का होगा टीकाकरण
HNN/ मंडी
टीबी रोग मुक्त हिमाचल प्रदेश कार्यक्रम का शुभारंभ आज मंडी से निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी ने किया। शुभारंभ अवसर पर क्षय रोग उन्मूलन के राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रविन्द्र को वीसीजी का पहला टीका लगाकर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डॉ. गोपाल बेरी ने कहा कि इस टीका को लगाने से व्यक्ति को क्षय रोग होने की कम संभावना हो जाती है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा पहले से पात्र व्यक्तियों की सूची बना ली गईं है, जिन्हें यह खुराक उनकी सहमति के पश्चात समीप के स्वास्थ्य केंद्र में दी जायेगी। इसमें पाँच साल पुराने टीबी के मरीज, उनके सम्पर्क में आने वाले व्यक्ति, साठ साल से अधिक आयु के व्यक्ति, अत्यंत दुबले-पतले व्यक्ति( कुपोषित), धूम्रपान करने वाले तथा मधुमेह से पीड़ित प्रमुख हैं।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह इस टीके को लगाने के लिए विभाग का सहयोग करें तभी जिला व प्रदेश को टीबी मुक्त किया जा सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि जिला के सभी मुख्य स्वास्थ्य संस्थानों में चिन्हित व्यक्तियों का टीकाकरण बूथ पर पंजीकरण दस्तावेज दिखाने के उपरांत मोबाइल पर ओ टी पी आने पर व्यस्क को बी सी जी की खुराक दी जाएगी।
टीकाकरण के बाद व्यक्ति को आधा घंटा डॉक्टर की देखरेख में रखा जाएगा ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी आने पर उसका उपचार किया जा सके।