मंडी बाईपास पर इस महीने के अंत तक शुरू होगा यातायात, जानिए कैसे मिलेगी जाम से निजात
HNN/मंडी
मंडी शहर को इस महीने के अंत तक भारी भरकम जाम से निजात मिलने वाली है, क्योंकि किरतपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत बन रहे मंडी बाईपास पर यातायात शुरू होने जा रहा है। मंडी बाईपास फोरलेन प्रोजेक्ट का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और मात्र 10 प्रतिशत कार्य शेष है।
मंडी बाईपास में चार टनलें भी बनाई गई हैं, जिनका सारा काम पूरा हो चुका है और अब यहां पर रंग-रोगन का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा बगला से लेकर विंद्रावणी तक फोरलेन पर टायरिंग और अन्य प्रकार के सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि मंडी बाईपास को इस महीने के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा।
मंडी बाईपास के शुरू हो जाने से मंडी शहर को भारी भरकम ट्रेफिक जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। मौजूदा समय में कुल्लू-मनाली या चंडीगढ़ के लिए आने-जाने वाला सारा ट्रेफिक मंडी शहर से होकर गुजरता है, जिस कारण यहां अधिकतर समय जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लेकिन इस बाईपास के बन जाने से यह सारा ट्रेफिक शहर के बाहर से होकर चला जाएगा। इससे शहर में गाड़ियों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।