मंडी में एचआरटीसी बस कीचड़ में फंसी, हाईवे पर लगा लंबा जाम
HNN/मंडी
मंडी-पठानकोट हाईवे पर जोगिंद्रनगर शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर छाणंग के समीप एक अजब घटना घटी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस बुधवार को कीचड़ में फंस गई, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इस कारण दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस दौरान कीचड़नुमा सड़क पर आवाजाही करते समय दोपहर तक दोपहिया और चौपहिया वाहन दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से कीचड़ में फंसी बस को निकाला गया। एनएचएआई के साइट इंजीनियर साहिल जोशी ने बताया कि यहां पर कल्वर्ट डालने के लिए की गई खोदाई से हाईवे पर कीचड़ की स्थिति बनी हुई थी।
एनएचएआई ने इसे सुधार दिया है। साहिल जोशी ने आगे बताया कि मानसून सीजन में क्षतिग्रस्त हाईवे के सुधार कार्य प्रगति पर चल रहा है, जिसके कारण वाहन चालकों को आंशिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही हाईवे की स्थिति में सुधार होगा और यातायात सुचारु रूप से चलेगा।