मंडी में प्रवासी पंजीकरण : पुलिस जांच के बाद ही होगा रजिस्ट्रेशन
HNN/मंडी
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में पुलिस ने प्रवासी पंजीकरण के लिए नए आदेश जारी किए हैं। अब प्रवासियों को स्थानीय थाने में पंजीकरण करवाने के लिए पुलिस जांच के बाद ही अनुमति मिलेगी। पुलिस ने प्रवासियों को अपने रिकॉर्ड और आधारकार्ड संबंधित थाने में लाने के निर्देश दिए हैं।
इस उपमंडल में लगभग चार हजार से अधिक बाहरी राज्यों के लोगों का पंजीकरण हो चुका है। पुलिस ने अब इन लोगों के आधारकार्डों की पड़ताल शुरू कर दी है। इसके साथ ही आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों की गतिविधियों की निगरानी के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स गठित की गई है। पुलिस किराए के भवनों में रह रहे बाहरी राज्य के लोगों के दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि पुलिस के उच्चाधिकारियों के आदेशों पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और यह अभियान पूरे उपमंडल में चल रहा है। पुलिस ने लोगों से सहयोग करने और प्रवासियों की जानकारी साझा करने की अपील की है।