मंडी में प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण शुरू

By NEHA Published: 24 Sep 2024, 12:16 PM | Updated: 24 Sep 2024, 12:16 PM 1 min read

HNN/मंडी

मंडी जिले में प्रवासी मजदूरों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है और बिना पंजीकरण वाले मजदूरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद बल्ह, रिवालसर और गागल क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी मजदूरों में पंजीकरण की होड़ मच गई है। पुलिस थानों और चौकियों में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर पंजीकरण करवा रहे हैं।

नेरचौक में पंचायत ने बिना पंजीकरण के दुकान चला रहे दो प्रवासी मुस्लिम कारोबारियों से दुकानें खाली करवा दीं। इसके अलावा, पुलिस ने भी प्रवासी मजदूरों को पंजीकरण के निर्देश जारी कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रवासी मजदूर अक्सर इलाकों में घटनाओं को अंजाम देकर भाग जाते हैं, और बिना पंजीकरण के उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता है।

मंडी सदर थाना में अभी तक 127 प्रवासी मजदूरों ने ही पंजीकरण करवाया है, जबकि बाजार में बड़ी तादाद में बाहरी राज्यों के लोग काम कर रहे हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय में प्रवासी मजदूर पंजीकरण को लेकर उतने गंभीर नहीं दिख रहे जितने दूसरे उपमंडलों में सख्ती के बाद पुलिस थाने पहुंच रहे हैं।