मंडी में भीषण सड़क हादसा, दो बहनों सहित तीन की मौत
HNN/मंडी
मंडी जिले के सराज क्षेत्र के तहत बालीचौकी के कांढा में एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 1500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी में सवार चार में से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया है। हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में दो बहनें थीं।
हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे हुआ जब कार बालीचौकी से कांढा की तरफ जा रही थी। शाहडी देवी और कांता ने अपने मायके से घर जाने के लिए कार चालक से लिफ्ट ली। कार सवार जब कांढा के पास पहुंचे तो चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में शाहडी देवी और रीत राम निवासी भाटलुधार की मौके पर ही मौत हो गई।
शाहडी की बहन कांता देवी निवासी शेगली बालीचौकी ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। चालक डाबे राम निवासी भनवास घायल है और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती है। एसएचओ रजत राणा ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एसडीएम मोहन शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 25-25 और घायल को 10 हजार रुपये की सहायता दे दी है।