मंडी में रेहड़ी-फड़ी धारकों को मिलेगी राहत
HNN/मंडी
मंडी नगर निगम ने रेहड़ी-फड़ी धारकों को बड़ी राहत देते हुए 30 दिन के भीतर लाइसेंस जारी करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय शुक्रवार को निगम कार्यालय में आयुक्त एचएस राणा और महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा की मौजूदगी में हुई टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में लिया गया।
बैठक में सर्वे में छूटे पुराने रेहड़ी धारकों को लाइसेंस देने पर सहमति बनी और अतिरिक्त आयुक्त विकास शर्मा की अध्यक्षता में एक उपसमिति गठित की गई। यह उपसमिति एक माह में इन धारकों की पहचान कर नई सूची में शामिल करेगी। 2023 के सर्वे में 353 रेहड़ी धारकों को सूचीबद्ध किया गया था, लेकिन समय पर दस्तावेज जमा न करने के कारण करीब 100 लाइसेंस रद्द कर दिए गए थे।
बैठक में 30 अक्तूबर तक सभी रेहड़ी धारकों के पंजीकरण का नवीनीकरण करने का भी निर्णय लिया गया। उपसमिति में नागरिक अधिकार मंच के हरमीत बिट्टू, सिटीजन काउंसिल के ओपी कपूर, व्यापार मंडल के राजा महेंद्रु और रेहड़ी धारकों से सुरेंद्र कुमार और दीपक कुमार शामिल किए गए। बैठक में पार्षद अलकनंदा हांडा, राजेंद्र मोहन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।