Loading...

मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 789 निर्णय सफलतापूर्वक कार्यान्वित: जगत सिंह नेगी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 May 2025 • 1 Min Read

शिमला

831 में से 789 निर्णय हुए लागू , 42 निर्णयों पर मंत्रिमंडल की नजर

हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि 13 जनवरी 2023 से 31 दिसंबर 2024 तक आयोजित मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 831 निर्णयों में से 789 निर्णयों को सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है।

बचे हुए 42 निर्णयों पर फोकस
बैठक में शेष 42 निर्णयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इनमें जलशक्ति, कृषि, वित्त, बागवानी, कार्मिक और लोक निर्माण विभाग से जुड़े निर्णय शामिल हैं। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन निर्णयों को समयबद्ध रूप से लागू किया जाए ताकि जनता को इनका लाभ मिल सके।

अधिकारियों को सख्त निर्देश
जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि शेष बचे निर्णयों के क्रियान्वयन में कोई भी देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता के हितों के दृष्टिगत इन फैसलों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।

बैठक में शामिल अधिकारी
इस बैठक में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा विधि मंत्री यादविंद्र गोमा, सदस्य सचिव हरबंस सिंह ब्रसकोन और संयुक्त सचिव सामान्य प्रशासन विभाग कुलविंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।