मंदिर में माथा टेकने गई माँ-बेटी हुई लापता, तलाश में जुटी पुलिस

हिमाचल न्यूज़ | लेटेस्ट हिमाचल न्यूज़

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में ज्वाली के तहत आने वाले पुलिस थाना नूरपुर में माँ-बेटी के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने पुलिस थाना में पत्नी और बेटी के लापता होने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लापता हुई माँ-बेटी की तलाश की जा रही है। महिला की पहचान प्रवीण पति जसवीर सिंह पुत्र सरन दास निवासी बनाडा ज्वाली के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, प्रवीण और जसवीर सिंह अपनी बेटी के साथ 11 नवंबर को बस के जरिए नूरपुर आए थे। सुबह करीब 9:45 बजे तीनों न्याजपुर पहुंचे। वहां पहुंचने पर पत्नी प्रवीण ने कहा कि उसे वृजराज मंदिर में माथा टेकने जाना है। जिसके बाद जसवीर सिंह न्याजपुर में खड़ा हो गया और प्रवीण बेटी को लेकर वृजराज स्वामी मन्दिर नूरपुर को चली गई।

जिसके बाद करीब 10:30 बजे प्रवीण ने जसवीर को मैसेज किया कि आप ऊपर मंदिर में आकर मुझे ले जाओ। लेकिन जब जसवीर मंदिर में पहुंचा तो वहां पर न तो प्रवीन मिली और न ही उनकी दो महीने की बेटी। जब जसवीर ने अपनी पत्नी प्रवीण को फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ आया। जसवीर ने उन्हें ढूंढने की काफी कोशिश की लेकिन कोई पता नहीं चला।

जसवीर ने ससुराल और रिश्तेदारों के घर भी फोन किया, लेकिन कोई अता पता नहीं चल पाया। जिसके बाद जसवीर ने पुलिस में अपनी पत्नी और बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। एसपी अशोक रतन ने मामले की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर प्रवीण और उसकी बेटी की फोटो हर थाने में भेजी है। उन्होंने कहा कि वृजराज स्वामी मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाएगा तथा उसके फोन की लोकेशन को भी ट्रेस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है।