Loading...

मकान चढ़ा आग की भेंट, दो परिवार हुए बेघर

SAPNA THAKUR • 29 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ कुल्लू

जिला मुख्यालय के साथ सटी लगवैली के घल्याणा गांव में भीषण अग्निकांड हुआ है जहां दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। आगजनी की इस घटना में घर के अंदर रखें कपड़े, खाद्य सामग्री, फर्नीचर सहित नकदी और आभूषण जलकर राख हो गए हैं। ऐसे में पीड़ित परिवार को लाखों का नुक्सान हुआ है, जबकि दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर लाखों की संपत्ति को जलने से बचा लिया है।

जानकारी के अनुसार घल्याणा गांव निवासी भाग चंद के दो मंजिला मकान में अचानक की चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को चपेट में ले लिया। जिसके बाद सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया परंतु तब तक अंदर रखा सामान जलकर राख हो चुका था।

उधर, उपमंडलाधिकारी कुल्लू विकास शुक्ला ने कहा कि आग लगने से 3 लाख 30 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है जबकि साथ लगते घरों को जलने से बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।