Loading...

मगाण-57 मतदान केंद्र के 100 मतदाताओं को मतदान के लिए उपलब्ध हुई नई वैकल्पिक व्यवस्था

PARUL 25 May 2024 Edited 25 May 1 min read

एसडीएम करसोग ने नई वैकल्पिक व्यवस्था का किया निरीक्षण

HNN/मंडी

सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग राज कुमार ने लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत मंडी जिला के दूरदराज के क्षेत्र मगान पोलिंग स्टेशन में मतदाताओं के लिए उपलब्ध करवाई गई नई वैकल्पिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। एसडीएम ने पोलिंग बूथ पर उपलब्ध सुविधाओं को जांचा और अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से मतदाताओं के लिए सुविधाजनक मतदान केंद्र बनाए गए है।

जहां कहीं पर भी किसी मतदान केंद्र पर कमी पाई गई थी उसे सुधार कर मतदाताओं के लिए संबंधित मतदान केंद्र या पोलिंग स्टेशन को सुविधाजनक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत ही 26-करसोग (अ.जा.) विधानसभा के दूरदराज क्षेत्र मगाण में भी मतदाताओं की सुविधा के लिए क्षतिग्रस्त पुराने मतदान केंद्र के स्थान पर नई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है ताकि क्षेत्र के लोग अपने घर गांव के समीप ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं के लिए पोलिंग स्टेशन की नई वैकल्कि व्यवस्था राजकीय प्राथमिक पाठशाला मगाण परिसर के साथ ही उपलब्ध करवाई गई है। जिसे खंड विकास कार्यालय चुराग के माध्यम से विकसित किया गया है। जिस पर लगभग 2.50 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गांव मगाण के मतदाताओं के लिए पहले से ही स्थापित पोलिंग स्टेशन क्षतिग्रस्त हो गया था और इस क्षतिग्रस्त पोलिंग स्टेशन में मतदान करवाना संभव नहीं था।

राजकीय प्राथमिक पाठशाला मगाण परिसर के क्षतिग्रस्त मतदान केंद्र को असुरक्षित घोषित कर दिए जाने से मतदान केंद्र के लिए अब पोलिंग स्टेशन की नई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग ने बताया कि मतदान केंद्र मगाण-57 में 100 मतदाता पंजीकृत है। गौरतलब है कि मतदान केंद्र मगाण-57, करसोग विधानसभा के दुर्गम मतदान केंद्रों में से एक है।

इस मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए मतदान टीम को कड़ी मश्क्त कर सतलुज नदी को पार कर पहुंचाना पड़ता है। यहां तक पहुंचने का मार्ग भी दुर्गम है। सतलुज नदी को झूले की मदद से पार कर पोलिंग स्टेशन तक पहुंचना पड़ता है। ऐसे दुर्गम परिस्थितियों वाले इस क्षेत्र में मतदान करवाने के लिए करसोग उपमंडल प्रशासन निरंतर प्रयास कर लोकतंत्र के इस महाकुंभ में क्षेत्र के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।

उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं से भी आह्वान किया है कि अगामी एक जून, 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव में बढ़चढ़ कर भाग ले और अधिक से अधिक मतदाता, मतदान केंद्रों में पहुंच कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर, देश के प्रति अपना फर्ज निभाएं।