HNN / ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब की पंचायत राजपुर जस्वां के सलहाणा गांव के 106 वर्षीय मतदाता बीरू राम की मतदान के लगभग दो घंटे बाद मौत हो गई। उन्होंने वीरवार दोपहर बाद 2:30 बजे के करीब विधानसभा चुनाव के लिए मोबाइल बूथ के माध्यम से मतदान किया था और अपराह्न 4:30 बजे उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
बताया जा रहा है कि बीरू राम का स्वास्थ्य एक दिन पहले तक पूरी तरह ठीक था। लेकिन वीरवार को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी, जिससे उनका निधन हो गया। आज शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दे कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के चलते वीरवार को विशेष श्रेणी के मतदाताओं के वर्ग में 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग, दिव्यांग और अनिवार्य सेवाओं के 7800 मतदाताओं ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया।
इनमे 106 वर्षीय दो बुजुर्गों ने भी घर से वोट डाला। इसमें जिला ऊना के अंब के 106 वर्षीय बीरू राम शामिल थे और जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से 106 वर्षीय वृद्धा वनतो देवी ने घर से वोट डाला।

