मतदान से पहले ही हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, लाहौल-स्पीति में हिमपात

हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी, समदो का न्यूनतम पारा माइनस में पहुंचा

बर्फ के फाहों के बीच सैलानियों ने जमकर की मस्ती, प्रत्याशियों की बढ़ी मुश्किलें

HNN / लाहौल-स्पीति

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मौसम ने करवट बदली और वहां ताजा हिमपात शुरू हो गया है। बर्फ के फाहे गिरते ही बाहरी राज्यों से पहुंचे सैलानियों ने जमकर मस्ती की। ताजा जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रा में 10 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होने से एक बार फिर जनजातीय जिला ठंड की चपेट में आ गया है।

तो वहीं अब 3 दिन बाद मतदान भी होने हैं। ऐसे में प्रत्याशियों की मुश्किलें बढ़ गई है। प्रदेश में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 9 और 10 नवंबर को प्रदेश के कई भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। 11 नवंबर से प्रदेश के सभी भागों में मौसम साफ रहने के आसार हैं।

उधर, उपायुक्त जिला लाहौल-स्पीति एवं जिला आपदा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुमित खिमटा ने मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग तीन को आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया है। उन्होंने यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 51 के प्रावधानों के तहत जनहित में जारी किए हैं। उपायुक्त ने कहा कि उल्लंघन करने पर एक वर्ष तक कारावास या जुर्माना या दोनों हो सकता है।