मनाली जाने वालों को अब नहीं होंगे पंडोह डैम के दीदार, अब टनल से गुजरेगा फोरलेन
HNN/ मंडी
हिमाचल प्रदेश में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कीतरपुर-मनाली फोरलेन में अब एक और बड़ा बदलाव किया जा रहा है। यह बदलाव पंडोह डैम की सुरक्षा के मद्देनजर किया जा रहा है। जवाहर नवोदय स्कूल से लेकर कैंची मोड़ तक फोरलेन की जो अलाइनमेंट पहले बनाई गई थी, उसमें ओपन रोड़ के साथ 300 मीटर की टनल मौजूद थी। पंडोह डैम की तरफ को जहां पर इस टनल का एक सिरा निकलना था उसके बाद कैंची मोड़ तक ओपन रोड़ बनना था।
एक तरफ को फोरलेन और दूसरी तरफ को पंडोह डैम है। यहां पर अलाइनमेंट के हिसाब से फोरलेन डैम के काफी नजदीक बनने जा रहा था। इस पर बीबीएमबी प्रबंधन ने सुरक्षा को लेकर आपत्ति जाहिर की थी। इसके बाद अब एनएचएआई ने पंडोह डैम के पास टनल के माध्यम से फोरलेन को गुजारने की नई डीपीआर बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। 300 मीटर की दो टनल बन रही थी, उन्हें अब 900 मीटर लंबा बनाया जाएगा।
अब कैंची मोड़ से 500 या 600 मीटर पहले टनल के मुहाने होंगे और हाईवे से गुजरने वालों को पंडोह डैम के दीदार नहीं हो सकेंगे। टनल से होते हुए वाहन अब सीधे दूसरे छोर पर निकलेंगे। इससे डैम की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं रहेगा। इसके अलावा भी इस पैच पर कुछ बदलाव किए जा रहे हैं, जिनकी कंपलीट डीपीआर बनाई जा रही है।
डीपीआर को मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। डीपीआर बदलने से इसकी लागत में भी इजाफा होने वाला है। बता दें कि जवाहर नवोदय स्कूल से लेकर कैंची मोड़ तक फोरलेन का काम शुरू ही नहीं हो पाया है। यह काम इसकी अलाइनमेंट में हो रहे बदलाव के कारण ही रोका गया है।