Loading...

मनाली जा रही टेम्पो ट्रैवलर मंडी के पास हादसे का शिकार होते-होते बची

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 31 May 2025 Edited 31 May 1 min read

मंडी

डिवाइडर और खंभे से टकराकर रुकी गाड़ी, 20 पर्यटक सुरक्षित

डिवाइडर पर चढ़ गई गाड़ी
शनिवार सुबह कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी शहर के नजदीक बिंद्रावनी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब दिल्ली से मनाली जा रही एक टेम्पो ट्रैवलर अचानक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई और बिजली के खंभे से जा टकराई। गाड़ी पंडोह टनल से बाहर निकल रही थी, तभी सड़क पर एक बड़ा पत्थर सामने आ गया और ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया।

बड़ा हादसा टला, यात्री सुरक्षित
गनीमत यह रही कि टेम्पो ट्रैवलर डिवाइडर पार नहीं कर पाई और खंभे से टकराकर वहीं रुक गई। अगर गाड़ी सड़क की दूसरी तरफ पहुंच जाती, तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों से टकराकर बड़ा हादसा हो सकता था। वाहन में सवार सभी 20 पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है।

ड्राइवर की सूझबूझ से बची जानें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर की सतर्कता और फुर्ती के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।