Loading...

मनाली में जिप लाइन से गिरकर बच्ची गंभीर रूप से घायल , एक सप्ताह बाद वीडियो वायरल, अब हुआ नोटिस जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 15 Jun 2025 Edited 15 Jun Quick read

महाराष्ट्र की बच्ची 30 फीट गहरी खाई में गिरी थी लेकिन परिजनों की शिकायत न करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। अब वायरल वीडियो के बाद पर्यटन विभाग ने भेजा नोटिस।

मनाली

पर्यटन नगरी में सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल, 8 जून की घटना पर अब सामने आया वीडियो

नेहरू कुंड में हुआ दर्दनाक हादसा
8 जून को महाराष्ट्र के नागपुर से आई 10 वर्षीय बच्ची तृषा, मनाली के नेहरू कुंड क्षेत्र में जिप लाइन एक्टिविटी कर रही थी। इसी दौरान बीच में रस्सी टूटने से वह लगभग 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। बच्ची को पहले मनाली अस्पताल में भर्ती किया गया और फिर हालत गंभीर होने पर चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज नागपुर में चल रहा है।

एक सप्ताह बाद वायरल हुआ वीडियो, तब जागे अधिकारी
हादसे का वीडियो घटना के एक सप्ताह बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इससे पहले इस मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई थी। वीडियो में हादसे की गंभीरता स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिससे पर्यटन सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

परिजन नहीं करना चाहते थे केस दर्ज
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि बच्ची के परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज करवाने से मना कर दिया था, इसलिए कोई एफआईआर नहीं की गई। इसी कारण मामले पर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।

पर्यटन विभाग ने भेजा कारण बताओ नोटिस
वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जिला पर्यटन अधिकारी का कार्यभार संभाल रहे चिरंजी लाल ने बताया कि जिप लाइन संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग इस मामले की समीक्षा कर रहा है।