HNN/ मनाली
हिमाचल में मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए येलो अलर्ट के बीच प्रदेश के कई भागों में अंधड़ ने जमकर तबाही मचाई। बता दें मनाली के भूतनाथ चौक के साथ लगते एक देवदार का पेड़ भी धराशायी हो गया। इससे टैक्सी यूनियन मनाली के छोटे और बड़े वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
इसके अलावा पेड़ से साथ लगते एक भवन को भी नुकसान पहुंचा है जिसमें ट्राइब इंडिया का शोरूम चल रहा था। इस घटना में एक व्यक्ति भी जख्मी हुआ है। घायल को तुरंत स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कर दिया गया है जहां उसकी हालत अभी सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पर्यटन नगरी मनाली में शुक्रवार शाम 4 बजे के बाद काफी तेज हवाएं चली। इस दौरान अंधड़ के चलते एक देवदार का विशालकाय पेड़ गिर भी गया। जिसकी चपेट में आकर करीब नौ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं।

